Salumber: मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश

5 आरोपी गिरफ्तार, 2 बाल अपचारी निरुद्ध

 | 
salumber

सलूंबर 31 जुलाई 2025। ज़िले के लसाड़िया थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक सक्रिय चोर गिरोह को पकड़ा है। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश यादव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनवारीलाल मीणा के सुपरविजन और वृत्ताधिकारी हेरम्ब जोशी के मार्गदर्शन में थानाधिकारी हर्षराज सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों ने यह कार्रवाई की।

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस को लंबे समय से लसाड़िया थाना क्षेत्र में हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद आसूचना संकलन और तकनीकी सहायता के जरिए जांच की गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की गई मोटरसाइकिलों के पुर्जे अलग-अलग कर बेचते थे, ताकि पुलिस की पकड़ में न आ सकें। जांच के दौरान एक चोरी की गई मोटरसाइकिल के पार्ट्स, एक पूरी मोटरसाइकिल और दो वारदातों में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।

पहली घटना में अग्गड पिपलाखुणा निवासी मोहनलाल मीणा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसकी हिरो एचएफ डीलक्स सिल्वर रंग की मोटरसाइकिल, जो दुकान के बाहर खड़ी थी, रात 11 से 12:30 बजे के बीच चोरी हो गई। मोटरसाइकिल का नंबर RJ27 BC 2498 बताया गया।

दूसरी घटना में धावड़ी निवासी देवीलाल मीणा ने रिपोर्ट दी कि उसने अपने रिश्तेदार की बाइक RJ27 AP 4369 लेकर मौसी के घर गया था। रात को बाइक घर के सामने खड़ी थी, लेकिन अचानक गायब हो गई।

दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर, सक्रियता दिखाते हुए जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिरों की सूचना पर आरोपियों को डिटेन कर लिया।

पुलिस का यह अभियान अपराधियों के खिलाफ सतर्क निगरानी और प्रभावी कार्रवाई का उदाहरण है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।