6 माह से फरार हत्या का आरोपी गिरफ्तार

100 से अधिक स्थानों पर दबिश के बाद आरोपी आखिरकार पकड़ा गया

 | 
Udaipur Police arrest main accused in Gogunda murder case after six months of absconding

उदयपुर 20 नवंबर 2025 - गोगुन्दा थाना क्षेत्र में दर्ज एक हत्या के मामले में 6 महीने से फरार चल रहा मुख्य आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपी को कई महीनों तक तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के आधार पर तलाशने के बाद गिरफ्तार किया।

क्या था मामला

15 मई 2025 को काड फला नाल निवासी दिपाराम, लक्ष्मण, गणेशलाल, पन्ना, गीता और केसर बाई गोगुन्दा की ओर जा रहे थे। रास्ते में कुछ लोगों ने दिपाराम और लक्ष्मण को रोककर मारपीट शुरू कर दी।

आरोपियों ने तलवार से हमला किया, जिसमें दिपाराम की मौत हो गई और लक्ष्मण गंभीर रूप से घायल हो गया। इस संबंध में गोगुन्दा थाने में प्रकरण संख्या 222/2025 विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया था।

गिरफ्तारी के लिए पुलिस की लगातार कोशिशें

जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय और वृताधिकारी गिर्वा की सुपरविजन में थाना प्रभारी श्याम सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने 6 माह तक आरोपी की लगातार तलाश की। आरोपी बेहद चालाकी से स्थान बदलता रहता था और मजदूर बनकर अलग-अलग जिलों में नौकरी कर रहा था। पुलिस ने 100 से अधिक स्थानों पर दबिश दी लेकिन आरोपी हर बार बच निकलता था।

आखिरकार चढ़ा पुलिस के हाथ

19 नवंबर 2025 को टीम को पुख्ता सूचना मिली कि हत्या का आरोपी पप्पूराम, पिता होमा, निवासी नाल फला डामरावास, क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया गया है।

 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News