10 साल से फरार हत्या के आरोपी बंटी उर्फ गणेश लाल को भीलवाड़ा से दबोचा

आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था

 | 

उदयपुर, 18 सितंबर 2025। शहर की थाना हिरणमगरी पुलिस ने हत्या के एक मामले में पिछले 10 वर्षों से फरार चल रहे शातिर आरोपी बंटी उर्फ गणेश लाल को भीलवाड़ा से गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2015 में उच्च न्यायालय जोधपुर से सशर्त जमानत पर रिहा हुआ था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।

प्रकरण के अनुसार, 3 दिसंबर 2010 को रेणुका सॉफ्ट स्टोन फैक्ट्री, कडलवास में मजदूर बंटी उर्फ गणेश लाल ने साथी मजदूर बंशी लाल की पत्थर से वार कर हत्या कर दी थी। इस मामले में थाना हिरणमगरी पर प्रकरण संख्या 639/2010 धारा 302 भादसं के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था और आरोपी को गिरफ्तार कर केंद्रीय कारागृह उदयपुर भेजा गया था। आरोपी के विरुद्ध थाना सालमगढ़, जिला प्रतापगढ़ में भी हत्या का एक प्रकरण दर्ज है।

जमानत पर रिहाई के बाद आरोपी ने अपने परिवार और गांव से संपर्क पूरी तरह तोड़ लिया था। उसने न तो आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड या किसी अन्य पहचान पत्र बनवाया था और न ही अपने गांव लौटा। आरोपी जगह-जगह मजदूरी कर फरारी काट रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय उदयपुर ने 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा कर रखी थी।

एसपी उदयपुर योगेश गोयल के निर्देश पर एएसपी शहर उमेश ओझा और नगर पूर्व सीओ छगन पुरोहित की देखरेख में थानाधिकारी हिरणमगरी भरत योगी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने प्रतापगढ़, जोधपुर, भीलवाड़ा और अन्य जिलों में लगातार दबिश दी और सूचना जुटाई।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने वेशभूषा बदलकर व्यापारी बनकर भीलवाड़ा के ट्रांसपोर्ट कार्यालयों में माल लोडिंग का बहाना किया और वहां मजदूरों से संपर्क साधा। अथक प्रयासों के बाद आरोपी बंटी उर्फ गणेश लाल को भीलवाड़ा में हमाली का कार्य करते समय दबोच लिया गया। आरोपी की पहचान उसके परिवारजनों से करवाई गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।