घर में सो रहे बुजुर्ग की हत्या, पास लेटी पत्नी को नहीं चला पता

शरीर पर कई जगह मिले चोट के निशान

 | 
murder

उदयपुर 12 अक्टूबर 2022 । संभाग के डूंगरपुर ज़िले के चितरी थाना क्षेत्र के गड़ा जसराजपुर गांव में एक बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। बुजुर्ग मंगलवार सुबह लहूलुहान हालत में मिला। उसके सिर और शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं। पास में ही दूसरे खाट पर सोई पत्नी को भी इसकी भनक तक नहीं लगी। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

चितरी थानाधिकारी गोविंद सिंह ने बताया कि गड़ा जसराजपुर निवासी तुलसीराम सुथार की हत्या की गई है। तुलसीराम, उसकी पत्नी चमेली सुथार और बेटी योशिका ने रात के समय एक साथ खाना खाया। इसके बाद पति-पत्नी घर के अंदर सो गए। जबकि उसकी बेटी दूसरे कमरे में सो गई। मंगलवार सुबह पत्नी चमेली उठी तो पति तुलसीराम सुथार को चारपाई के नीचे लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ मिला। 

तुलसीराम सुथार के सिर, हाथ और पैर पर चोट के निशान थे, जिससे खून भी बह रहा था। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ लग गई। घटना की सूचना पर चितरी थानाधिकारी गोविंद सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। 

वहीं पत्नी चमेली ने भी घटना के बारे में किसी भी तरह की जानकारी होने से मना कर दिया। इस पर पुलिस ने बांसवाड़ा से एफएसएल टीम को बुलाया। एफएसएल की ओर से सबूत जुटाए जा रहे हैं। वहीं उदयपुर से डॉग स्क्वायड को भी बुलाया जा रहा है। थानाधिकारी ने बताया कि एफएसएल और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News