राजसमंद के देवगढ़ में दंपति पर जानलेवा हमले का आरोप, SP से लगाई न्याय की गुहार

 | 
News from Rajsamand

Udaipur Times, Rajsamand News: 10 जून 2026। देवगढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला ने सात लोगों के खिलाफ घर में घुसकर पति-पत्नी के साथ गंभीर मारपीट, लज्जा भंग, लूटपाट तथा जान से मारने के प्रयास के आरोप लगाते हुए ज़िला पुलिस अधीक्षक को परिवाद सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। Rajsamand News

प्राप्त जानकारी के अनुसार देवगढ़ निवासी पीड़िता ने एसपी को दिए परिवाद में आरोप लगाया है कि 9 जून 2026 की रात करीब 9 बजे आसू गुर्जर, धरसू गुर्जर, राहुल, नन्दा, कमला, सीता एवं लीला उनके घर में घुस आए और उनके तथा उनके पति पर लाठियों व कुल्हाड़ियों से हमला कर दिया। परिवाद में आरोप है कि हमले में दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। Rajsamand News

पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसके साथ अभद्रता की गई, कपड़े फाड़कर लज्जा भंग की गई तथा सोने के आभूषण भी छीन लिए गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर वहां से चले गए। घायल दंपति को पहले देवगढ़ अस्पताल तथा बाद में उपचार के लिए राजसमंद स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी बताया गया है।

परिवाद में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने के बावजूद अब तक आरोपितों के खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई नहीं की गई है। महिला का कहना है कि आरोपित पक्ष की ओर से लगातार धमकियां भी दी जा रही हैं। Rajsamand News

पीड़िता ने जिला पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास, घर में घुसकर मारपीट, लूटपाट, लज्जा भंग सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News