होटल विवाद में NDPS केस, दो गिरफ्तार

सुरजपोल पुलिस ने होटल विवाद की साज़िश में शामिल दो आरोपियों को पकड़ा, 10 ग्राम एमडीएमए बरामद
 | 
Udaipur Police Arrest 2 in NDPS Case | MDMA Seized | Hotel Dispute Conspiracy

उदयपुर, 3 अक्टूबर 2025 - सूरजपोल थाना पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए होटल व्यवसाय में पार्टनरशिप विवाद के चलते एनडीपीएस मामले में साजिश रचने वाले दो अभियुक्तों को अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर अपराधियों और मादक पदार्थ कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सूरजपोल थानाधिकारी रतन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

2 अक्टूबर को माली कॉलोनी, न्यू रोड पर मोटरसाइकिल से जा रहे नितिन कुमार निवासी सूरजपोल और हितेश कुमार निवासी पाली हाल मान्सी पैलेस होटल, उदयपुर को पकड़ा गया।

तलाशी में उनके कब्जे से 10 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि नितिन कुमार अपने साथी जयराम गुर्जर के साथ होटल व्यवसाय में साझेदारी कर रहा था।

लेकिन कुछ समय पूर्व जयराम ने नितिन को व्यवसाय से अलग कर दिया और उसकी लगाई राशि भी वापस नहीं की। इसके बाद नितिन और हितेश ने जयराम को एनडीपीएस मामले में फंसाने की साजिश रची।

दोनों रघुनाथ चौधरी से रणकपुर से एमडीएमए खरीदकर लाए और इसे जयराम की कार में रखने की फिराक में थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल अग्रिम जांच जारी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News