उदयपुर के गोगुन्दा में तलवार से गर्दन काटकर पड़ोसी की हत्या
Udaipur Times, Crime News: गोगुंदा थाना क्षेत्र के खटीक मोहल्ले में बुधवार रात घर के बाहर शौच करने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की तलवार से गर्दन काटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार खटीक मोहल्ला निवासी 55 वर्षीय देवीलाल उर्फ राजा बाबू रात को खाना खाने से पहले घर से बाहर शौच के लिए निकले थे। वह पड़ोसी ओमप्रकाश के मकान के पास शौच करने लगे, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर परिजन बीच-बचाव के लिए पहुंचे और दोनों को अलग कर दिया।
बताया गया कि कुछ देर बाद आरोपी ओमप्रकाश घर से तलवार लेकर आया और देवीलाल की गर्दन पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना तेज था कि गर्दन धड़ से अलग हो गई और देवीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
सूचना मिलते ही गोगुंदा थाना प्रभारी प्रवीण सिंह राजपुरोहित पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना प्रभारी प्रवीण सिंह राजपुरोहित ने बताया कि मृतक और आरोपी के मकान आमने-सामने हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर के बाहर शौच करने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने तलवार से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस हत्या में प्रयुक्त तलवार और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
