Udaipur Times: Crime News: उदयपुर मे दो करोड़ रुपए की रिश्वत के मामले में गिरफ्तार SOG के ASP मुकेश कुमार सोनी और उनके कथित दलाल सज्जन सिंह जैन से जुड़े नए खुलासे सामने आए हैं।
शिकायतकर्ता निरंजन मोगरा ने आरोप लगाया है कि ASP सोनी ने रिश्वत की रकम तय करने के लिए उनसे कार में मुलाकात की थी। इस दौरान सोनी ने अपने मोबाइल की स्क्रीन पर 2CR लिखकर इशारा किया था कि सज्जन सिंह जो कहेगा, वही अंतिम फैसला होगा।
निरंजन मोगरा के अनुसार, ASP सोनी ने मुलाकात के दौरान कहा था कि वह 30 सितंबर को मामले में चार्जशीट पेश कर देंगे। इससे पहले रकम की व्यवस्था कर देना। परिवादी का आरोप है कि ASP ने केस को हल्का करने और जब्त सामान वापस दिलाने के बदले दो करोड़ रुपए की रिश्वत मांगी थी।
गिरफ्तारी के दौरान जब्त सामान रिकॉर्ड में नहीं दिखाने का आरोप
निरंजन मोगरा ने बताया कि SOG के ASP मुकेश कुमार सोनी ने 4 अगस्त 2026 को उन्हें और उनकी पत्नी, सेवानिवृत्त अल्पसंख्यक अधिकारी हेमलता कांकरिया को गिरफ्तार किया था। इस दौरान उनके घर से करीब दो किलो सोने के जेवर, 11 लाख रुपए नकद और परिवार की जमीन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए थे।
निरंजन का आरोप है कि घर से सोने की घड़ी, बैंगल और DVR भी ले जाए गए थे, लेकिन इन्हें जब्ती रिकॉर्ड में नहीं दर्शाया गया। इनकी कीमत करीब छह से सात लाख रुपए थी। 25 अगस्त को जमानत मिलने के बाद जब वे घर पहुंचे तो उन्हें इन सामानों के गायब होने का पता चला। पूछताछ करने पर SOG स्टाफ ने कहा कि इस संबंध में ASP ही जानकारी दे सकते हैं।
निरंजन ने यह भी आरोप लगाया कि SOG कार्यालय में जसवंत राव नाम के रीडर ने उनकी पत्नी से SBI के खाली चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए थे।
एक करोड़ से शुरू हुई रिश्वत की मांग, दो करोड़ में तय हुई डील
परिवादी के अनुसार, जब्त सोना वापस दिलाने के लिए उनके पूर्व परिचित सज्जन सिंह जैन ने उनसे संपर्क किया था। सज्जन सिंह ने दावा किया कि ASP सोनी से उनके अच्छे संबंध हैं और वह जब्त सामान वापस दिलाने के साथ मुकदमे को भी हल्का करवा सकते हैं।
इसके बदले शुरुआत में एक करोड़ रुपए मांगे गए। कुछ दिन बाद सज्जन सिंह ने बताया कि ASP ने दो करोड़ रुपए की मांग की है।
निरंजन ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताते हुए ASP से मुलाकात करवाने को कहा। इसके बाद सज्जन सिंह उन्हें अपनी कार में बैठाकर फतहसागर झील के किनारे रानी रोड लेकर गए, जहां कुछ देर बाद ASP सोनी एक निजी कार में पहुंचे।
कार में पांच मिनट की मुलाकात, मोबाइल पर लिखा 2CR
निरंजन के अनुसार, सज्जन सिंह ASP की कार की अगली सीट पर बैठ गए, जबकि उन्हें पिछली सीट पर बैठाया गया। बातचीत के दौरान उन्होंने रिश्वत की रकम कम करने का अनुरोध किया, लेकिन ASP सोनी चुप रहे।
करीब पांच मिनट की बातचीत के बाद ASP ने अपने मोबाइल की स्क्रीन पर 2CR लिखकर दिखाया और संकेत दिया कि सज्जन सिंह जो कहेगा, वही अंतिम फैसला होगा। निरंजन का दावा है कि सज्जन सिंह ने उन्हें काम होने की सौ प्रतिशत गारंटी दी थी।
दलाल के बाद ASP भी गिरफ्तार
गौरतलब है कि ACB उदयपुर ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए सज्जन सिंह जैन को परिवादी की फैक्ट्री में दो करोड़ रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। इसके बाद ASP मुकेश कुमार सोनी को बालोतरा स्थित उनके निवास से डिटेन किया गया था। रविवार को ACB ने सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया।
यह मामला उदयपुर नगर निगम के बहुचर्चित 272 भूखंड प्रकरण से जुड़ा है। परिवादी की ओर से लगाए गए नए आरोपों की जांच में ACB की आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।