उर्मिला कंवर हत्याकांड में नए वीडियो सामने आए, महिला के घर पर हमले से पहले आरोपियों के घर और ऑफिस में हुई थी तोड़फोड़

 | 
Woman Killed by Scorpio

 

Udaipur Times, Crime News: प्रतापनगर थाना क्षेत्र के कपिल विहार में स्कॉर्पियो से कुचलकर महिला की मौत के मामले में अब कुछ नए वीडियो सामने आए हैं। वीडियो में महिला के घर पर हमला करने से पहले दूसरे गुट द्वारा आरोपियों के घर और ऑफिस में तोड़फोड़ किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। फिलहाल मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार 7 अगस्त की शाम करीब 20 से 25 बदमाश स्कॉर्पियो और दो थार गाड़ियों में सवार होकर कपिल विहार पहुंचे थे। आरोप है कि बदमाशों ने कॉलोनी में जमकर उत्पात मचाया और कई वाहनों में तोड़फोड़ की। शोर सुनकर उर्मिला कंवर (52) घर से बाहर आईं और बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान बदमाशों ने स्कॉर्पियो नहीं रोकी और महिला को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला को करीब 7 से 8 फीट तक घसीटे जाने की बात सामने आई है। गंभीर चोट लगने से उर्मिला कंवर की मौत हो गई। घटना के समय उनका बेटा घर पर मौजूद नहीं था।

पैसों के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा मामला

मृतका के परिवार की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार महिला के बेटे दिव्यराज सिंह के दोस्त और दूसरे पक्ष के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दोनों गुटों के बीच पहले भी झगड़ा हुआ था।

अब सामने आए वीडियो में कथित तौर पर महिला के घर पर हमला होने से पहले दूसरे पक्ष के घर और ऑफिस में तोड़फोड़ किए जाने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम करीब 4 बजे सवीना कृषि मंडी स्थित कार रेंटल ऑफिस में तोड़फोड़ की गई थी। इसके अलावा बेड़वास में एक व्यक्ति के घर पर भी हमला किए जाने की बात सामने आई है।

इसके बाद बदला लेने के लिए आरोपियों के गुट द्वारा कपिल विहार स्थित दिव्यराज सिंह के घर पर हमला किए जाने और इसी दौरान उनकी मां उर्मिला कंवर की मौत होने की बात सामने आ रही है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।

अवैध वसूली के आरोपों की भी शिकायत

महिला की मौत के विरोध में शनिवार को हुए प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस के सामने आरोपियों के खिलाफ अवैध वसूली की शिकायतें भी रखी थीं। लोगों का आरोप था कि आरोपी कार रेंटल के नाम पर कथित तौर पर धोखाधड़ी का नेटवर्क चला रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नाबालिगों को भी वाहन किराए पर दिए जाते हैं और वाहन वापस आने के बाद उसमें स्क्रैच या अन्य कमी बताकर डराने-धमकाने के जरिए कथित तौर पर पैसे वसूले जाते हैं। हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

पुलिस की जांच जारी

महिला की मौत के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और सामने आए नए वीडियो को जांच में शामिल किया है। पुलिस दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद, तोड़फोड़ और महिला की मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News