पिछोला झील में पेट्रोल डीजल संचालित 2 नावों को किया सीज
हाईकोर्ट के आदेश की पालना में निगम की सख्त कार्रवाई
उदयपुर 14 मार्च 2026। शहर की झीलों के संरक्षण एवं पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम उदयपुर द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए पिछोला झील में संचालित विभिन्न संस्थानों की 2 पेट्रोल, डीजल नावों को अग्रिम आदेश तक सीज किया गया है। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना द्वारा राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेशों की पालना में की गई है।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि उच्च न्यायालय ने 30 मार्च 2022 को डबल बैंच ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उदयपुर की झीलों में पेट्रोल एवं डीजल चालित नावों के स्थान पर चरणबद्ध तरीके से बैट्री अथवा सोलर ऊर्जा से संचालित नावों का संचालन किया जाए। उक्त आदेश की अनुपालना में 10 मई 2025 को आयोजित जिला झील संरक्षण एवं विकास समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि झीलों में संचालित पेट्रोल एवं डीजल आधारित नावों को 15 अगस्त 2025 से पूर्व सोलर या बैट्री आधारित नावों में परिवर्तित किया जाए।
इस संबंध में संबंधित होटल संचालक को नगर निगम उदयपुर द्वारा नियमानुसार नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद संबंधित पक्ष द्वारा पेट्रोल/डीजल से संचालित नाव का संचालन जारी रखा गया। इसके बाद 10 फरवरी 2026 को आयोजित जिला झील संरक्षण एवं विकास समिति की बैठक में ज़िला कलक्टर एवं समिति अध्यक्ष द्वारा उच्च न्यायालय के आदेशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के अनुसार 10 फरवरी को ज़िला कलक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में आयोजित ज़िला झील संरक्षण एवं विकास प्राधिकरण की बैठक में लिए गए निर्णय की पालना में शुक्रवार को निगम अधिशाषी अभियंता यांत्रिक लखन लाल बैरवा के नेतृत्व में टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए पिछोला झील में संचालित पेट्रोल/डीजल आधारित 2 नाव को अग्रिम आदेशों तक सीज कर लिया गया है।
निगम आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि झीलों के पर्यावरण संरक्षण हेतु न्यायालय के निर्देशों की पालना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी तथा नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
#Udaipur #LakePichola #UdaipurNews #RajasthanNews #LakeConservation #SaveUdaipurLakes #EnvironmentalProtection #UdaipurMunicipalCorporation #SolarBoats #GreenUdaipur #RajasthanEnvironment
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
