खेरवाड़ा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी पकड़ी
3 लाख की अंग्रेजी शराब और स्विफ्ट कार जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर 2 सितंबर 2025। ज़िले की खेरवाड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब तीन लाख रुपये कीमत की 21 कार्टून अंग्रेजी शराब से भरी स्विफ्ट कार को जब्त किया है। इस दौरान शराब की तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
एसपी योगेश गोयल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल और वृत्ताधिकारी ऋषभदेव राजीव राहर के सुपरविजन में थानाधिकारी दलपत सिंह राठौड़ के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने 1 सितंबर को खांडी ओबरी टोल नाके पर नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान एक सफेद स्विफ्ट कार (RJ 20 CF 6025) को रोककर जांच की गई। कार में तीन लोग सवार थे, जिनके नाम मोहब्बत सिंह निवासी भदेसर चित्तौड़गढ़, यशपाल सिंह निवासी भीलवाड़ा हाल फतहनगर और रविन्द्र सिंह निवासी देवजी का खेड़ा फतहनगर बताए गए।
कार की तलाशी लेने पर उसमें 21 कार्टून राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब और तीन अलग-अलग नंबर प्लेटें बरामद हुईं। पूछताछ में चालक मोहब्बत सिंह ने स्वीकार किया कि पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए अलग-अलग नंबर प्लेटों का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस ने मौके से कार, शराब और तीनों आरोपियों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
#Udaipur #Kherwara #IllegalLiquor #RajasthanNews #UdaipurTimes