पुलिस ने होटल में दबिश देकर चार तस्करों को किया गिरफ्तार
चार आरोपी गिरफ्तार फर्जी नंबर प्लेट लगी कार, हथियार और मादक पदार्थ जब्त
उदयपुर 30 मई 2026 - जिले में अवैध मादक पदार्थ और हथियार तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वल्लभनगर और खेरोदा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कीर की चौकी स्थित श्रीराम होटल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, अफीम, फर्जी नंबर प्लेट लगी कार बरामद की है।
वहीं होटल संचालक के पास से 20.44 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल और वल्लभनगर वृत्ताधिकारी राजेन्द्र सिंह जैन के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने होटल के कमरा नंबर 213 में दबिश देकर बाड़मेर निवासी मोहनलाल उर्फ मुन्ना जाट के कब्जे से एक अवैध ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद की।
उसके साथी हुकमाराम सारण के पास से 14 ग्राम अफीम और तीन जिंदा कारतूस मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी करीब चार क्विंटल डोडा चूरा की बड़ी खेप की डील कर उसे मारवाड़ क्षेत्र में पहुंचाने की तैयारी में थे। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एक अन्य कार्रवाई में होटल के कमरा नंबर 108 से पंजाब के संगरूर जिले के निवासी जसविंदर सिंह और कुलदीप सिंह को 8 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी जिस स्विफ्ट कार से आए थे, उस पर दो अलग-अलग नंबर प्लेट लगी हुई थीं।
पुलिस के अनुसार वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग कर कूट रचना और प्रतिरूपण किया जा रहा था। आरोपियों द्वारा अवैध डोडा चूरा खरीदने के लिए स्थानीय तस्करों को राशि ट्रांसफर करने की भी जानकारी मिली है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने श्रीराम होटल के संचालक राजेश मेनारिया निवासी बांसड़ा, थाना खेरोदा के कब्जे से 20 लाख 44 हजार रुपये नकद और कुछ भूमि संबंधी दस्तावेज जब्त किए। राशि और दस्तावेजों को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर आयकर विभाग को सूचना भेजी गई है।
पुलिस अवैध धनराशि के स्रोत की जांच कर रही है। उदयपुर पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।
#Udaipur #UdaipurNews #UdaipurPolice #RajasthanNews #CrimeNews #BreakingNews #Vallabhnagar #Kheroda #RajasthanPolice #DrugSmuggling #OpiumSeized #IllegalWeapons #UdaipurCrime #PoliceRaid #RajasthanCrime #UdaipurUpdates #LatestNews #IndiaNews
