पुलिस ने 515 स्थानों पर दबिश देकर 107 अपराधी को किया गिरफ्तार

हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस मामलों के आरोपी पकड़े गए, अभियान रहेगा जारी

 | 
crime

उदयपुर 30 मई 2026 - जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उदयपुर पुलिस ने शुक्रवार अलसुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए 515 से अधिक स्थानों पर एक साथ दबिश देकर 107 अपराधियों एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।

 पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और एरिया डोमिनेंस की कार्रवाई के लिए जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, अंजना सुखवाल तथा जिले के समस्त वृत्ताधिकारियों के सुपरविजन में करीब 57 टीमों का गठन किया गया। लगभग 305 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक साथ कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस टीमों ने जिलेभर में 515 से अधिक स्थानों पर दबिश देकर कुल 107 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम जैसे गंभीर अपराधों में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 35 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों को भी गिरफ्तार कर वारंटों का निस्तारण किया गया। सामान्य प्रकरणों में वांछित सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि नवीन विधिक प्रावधानों के तहत 59 व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पाबंद कराया गया।

अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट के तहत दो प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं आबकारी अधिनियम के तहत चार प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने जिले के तीन हार्डकोर अपराधियों और 82 हिस्ट्रीशीटरों के घरों पर भी दबिश देकर उनसे पूछताछ की तथा उनकी संपत्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपराध एवं अपराधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

#Udaipur #UdaipurNews #UdaipurPolice #RajasthanNews #CrimeNews #UdaipurCrime #RajasthanPolice #BreakingNews #UdaipurCity #Mewar #PoliceRaid #LawAndOrder #UdaipurUpdates #UdaipurToday #PoliceAction #CrimeUpdate

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News