उदयपुर सेंट्रल जेल में प्रहरी पर तंबाकू छिपाने का आरोप

तलाशी में CCTV फुटेज से खुलासा; दो कर्मचारियों पर FIR

 | 
Udaipur Central Jail

 

Udaipur Times, Crime News: उदयपुर के सेंट्रल जेल में ड्यूटी पर तैनात एक प्रहरी के खिलाफ जेल के भीतर प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने और तलाशी के दौरान बरामदगी से जुड़े तथ्यों को छिपाने के आरोप में कार्रवाई की गई है। जेल प्रशासन की ओर से पुलिस थाना सूरजपोल में शिकायत देकर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

जेल प्रशासन की शिकायत के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक जेल में ड्यूटी पर आने वाले गार्ड की तलाशी ली जा रही थी। इस दौरान तलाशी कर्मचारी गिरधारी सिंह हेड कांस्टेबल और रोहित तड़ड़ कांस्टेबल तलाशी ले रहे थे। इसी दौरान प्रहरी पंकज कुमार, बेल्ट नंबर 6207 की तलाशी के समय उसकी वर्दी में प्रतिबंधित सामग्री छिपी होने का संदेह हुआ।

शिकायत में आरोप है कि तलाशी के दौरान गिरधारी सिंह ने पंकज कुमार को सीसीटीवी कैमरे के सामने से हटाकर तलाशी कक्ष में ले जाकर तलाशी ली। हालांकि, तलाशी में प्रतिबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई। बाद में सीसीटीवी फुटेज की जांच में पूरी घटना रिकॉर्ड होना सामने आया।

जेल प्रशासन का आरोप है कि घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी गई और तलाशी के दौरान प्रतिबंधित सामग्री छिपाने तथा मामले को दबाने की आशंका सामने आई। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की जांच की गई और रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय को भेजी गई।

जेल प्रशासन ने सूरजपोल थाने में दर्ज कराया मामला

जेल प्रशासन की ओर से उपकारापाल अचलराम ने सूरजपोल थाने में शिकायत पेश की। शिकायत के आधार पर 27 अक्टूबर 2026 को शाम 7:39 बजे मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने राजस्थान कारागार संशोधन अधिनियम, 2015 के तहत कारागार अधिनियम की धारा 42 में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।

मामले की जांच हेड कांस्टेबल तहसील सिंह को सौंपी गई है। जेल प्रशासन ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News