उदयपुर फाइल्स का ज़िक्र कर नेता प्रतिपक्ष ने विवाद को दी हवा
उदयपुर 19 फ़रवरी 2026। शहर में इन दिनों कथित ब्लैकमेल और दुष्कर्म मामले को लेकर न सिर्फ सियासत तेज हो गई है बल्कि पूरे प्रदेश में यह मामला चर्चा में है। अब नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने जयपुर में बयान देते हुए कहा कि जल्द ही “उदयपुर फाइल्स” सामने आने वाली हैं, जिसमें भारतीय जनता पार्टी से जुड़े एक बड़े मामले का खुलासा होगा। इस मामले को लेकर उदयपुर कांग्रेस ने बुधवार को प्रदर्शन भी किया।
दरअसल, एक महिला नेता ने एक अधिवक्ता पर ब्लैकमेल और दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि आरोपी ने AI के माध्यम से आपत्तिजनक वीडियो भी तैयार किया। पुलिस के अनुसार 11 फरवरी को दर्ज रिपोर्ट में महिला ने IT एक्ट सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। रिपोर्ट में बताया गया कि वह पिछले एक वर्ष से आरोपी के कार्यालय में जूनियर के रूप में कार्यरत थी और आरोपी उसे वकालत के काम व क्लाइंट्स से मिलने के लिए कार में ले जाता था। पुलिस ने 12 फरवरी को आरोपी अधिवक्ता को गिरफ्तार किया था।
6 फरवरी को आरोपी की मां, पत्नी और बेटे ने उदयपुर के सर्किट हाउस में पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से मुलाकात कर पुलिस पर घर में तोड़फोड़ और महिलाओं से दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि यह कार्रवाई एक नेता के इशारे पर की गई। वहीं 17 फरवरी को पुलिस ने आरोपी वकील को एक अन्य मामले में प्रोडक्शन वारंट के तहत जेल से गिरफ्तार किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद शहर में भय और अविश्वास का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि वकील के परिजनों के साथ अनुचित व्यवहार किया गया और पूरे मोहल्ले के निर्दोष लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किया गया। राठौड़ ने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा घरों में तोड़फोड़ की गई, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
