नाथद्वारा अस्पताल में प्रसव पीड़ा से तड़पती रही गर्भवती, समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप
Udaipur Times, Nathdwara News: 20 जुलाई 2026। जिस अस्पताल में नई ज़िंदगी की किलकारियां गूंजनी चाहिए थीं, वहां कथित लापरवाही ने मातम बिछा दिया। नाथद्वारा के लालबाग स्थित जिला चिकित्सालय में प्रसव पीड़ा से तड़प रही गर्भवती महिला को करीब पांच घंटे तक डॉक्टर नहीं मिलने का आरोप है। परिजनों का दावा है कि सुबह बच्चे की धड़कन सामान्य थी, लेकिन समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण मासूम ने जन्म लेने से पहले ही मां की कोख में दम तोड़ दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
परिजनों के अनुसार, महिला को सुबह करीब 5 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुरुआती जांच में शिशु की धड़कन सामान्य बताई गई, लेकिन इसके बाद कई घंटों तक डॉक्टर के नहीं आने से स्थिति बिगड़ती चली गई। जब ड्यूटी डॉक्टर ने जांच की, तब तक बच्चे की धड़कन बेहद कम हो चुकी थी। बाद में हुई डिलीवरी में मृत शिशु पैदा हुआ। इस दर्दनाक घटना ने जिला अस्पताल की कार्यप्रणाली और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीएमओ डॉ. अनिल शाह ने मामले को गंभीर बताते हुए जांच समिति गठित करने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। वहीं, परिजन इसे सीधी चिकित्सकीय लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
