मनमाने दाम पर खाद्य सामग्री बेचने पर रसद विभाग की कार्यवाही
उदयपुर, 8 अप्रेल 2020। जिले में कोरोना महामारी के कारण जिले में लॉकडाउन हालातों में कतिपय दुकानदारों द्वारा मनमाने दाम पर सामग्री की बिक्री की शिकायतों पर कार्यवाही करने के लिए बुधवार को जिला कलक्टर श्रीमती आनंदी के निर्देशों पर विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने शहर के विभिन्न इलाकों में जांच करते हुए रेट लिस्ट चस्पा करवाई।
जिला रसद अधिकारी ज्योति ककवानी ने बताया कि जिला कलक्टर द्वारा खाद्य पदाथों की दरें निर्धारित करने के बाद भी शहर में अलग-अलग स्थानों पर दुकानदारों द्वारा आवश्यक वस्तुओं की निर्धारित किमत से अधिक किमत वसूलने की प्राप्त शिकायतों पर प्रवर्तन अधिकारी पिंकी भाटी, जयमलसिंह, वाणिज्यिक कर विभाग के सहायक आयुक्त श्यामप्रतापसिंह चारण, खाद्य निरीक्षक अनिल भारद्वाज और अन्य कार्मिकों को भेजा गया।
इस दल ने आज हिरण मगरी सेक्टर 11, हिरण मगरी सेक्टर 4, कालका माता रोड़, सोभागपुरा रोड़ और देवाली में विभिन्न दुकानों की जांच की और यहां पर रेट लिस्ट नहीं होने की स्थिति में रेट लिस्ट चस्पा करवाई। दल कार्मिकों ने कई बंद दुकानों के बाहर भी रेट लिस्ट लगवाई।
इस दौरान कुछ दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग की पालना नहीं होने की शिकायत पर संबंधित को कोरेाना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए इसकी पालना के लिए सख्त निर्देश दिए और मौके पर ही दुकान के बाहर गोल घेरे बनवाए गए। दल सदस्यों ने दुकानदारों को चेताया कि भविष्य में यदि दुकान पर सोशल डिस्टेंसिंग की पालना नहीं देखी जावेगी तो दुकान को सीज करवाया जाएगा।
