उदयपुर में 36 घंटे में पर्स स्नैचिंग का खुलासा, एक गिरफ्तार, दो नाबालिग निरुद्ध
Udaipur Times, Crime News: 21 जुलाई 2026 । सूरजपोल थाना पुलिस ने स्कूटी सवार महिला से पर्स छीनने की वारदात का मात्र 36 घंटे में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पर्स, चांदी की पायजेब, एटीएम कार्ड बरामद किए हैं तथा वारदात में प्रयुक्त पावर बाइक भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार 18 जुलाई 2026 को परिवादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से लक्ष्मीनगर सेक्टर-8 स्थित घर जा रहा था। रात करीब 10:20 बजे पुराने आरटीओ स्थित श्री जोधपुर मिष्ठान भंडार के सामने पीछे से बाइक पर आए युवकों ने उसकी पत्नी के हाथ से पर्स छीन लिया। घटना के दौरान महिला स्कूटी से गिर गई, जिससे उसके हाथ और शरीर पर चोटें आईं। पर्स में चांदी की पायजेब, मोबाइल, एटीएम कार्ड और नकदी रखी हुई थी।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा तथा वृत्ताधिकारी छवि शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी सूर्यमान सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने मात्र 36 घंटे में मामले का खुलासा करते हुए बाघपुरा के जंगलों से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा दो बाल अपचारियों को निरुद्ध किया। पुलिस ने आरोपियों से पर्स, चांदी की पायजेब, एटीएम कार्ड बरामद किए और वारदात में प्रयुक्त पावर बाइक जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ललित (19) पुत्र हीरालाल निवासी फला सरदारपुरा, माणपुर थाना बाघपुरा, जिला उदयपुर के रूप में हुई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
