राजसमंद: 207 ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश से अपराधियों में हड़कंप
महिला पुलिस कप्तान ममता गुप्ता का सख्त एक्शन
राजसमंद 23 फ़रवरी 2026। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार ज़िला पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता (आईपीएस) के नेतृत्व में जिलेभर में एकदिवसीय एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया। एसपी गुप्ता की सख्त कार्यशैली और सटीक रणनीति के चलते पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधियों और वांछित बदमाशों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराध जगत में हलचल मचा दी।
अभियान में ज़िले के 16 थानों की लगभग 350 पुलिस अधिकारी–कर्मचारियों की टीमों ने भाग लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय महेन्द्र कुमार पारीक (RPS) व चार पुलिस उप अधीक्षकों के सुपरविजन में तड़के 207 संभावित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान NDPS एक्ट के तहत 1 प्रकरण दर्ज कर 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। एक्सप्लोसिव एक्ट में 1 आरोपी को पकड़ा गया। आबकारी अधिनियम के तहत 7 प्रकरण दर्ज कर 50 लीटर देशी शराब जब्त की गई तथा 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान में 48 वांछित अपराधियों, 2 इनामी बदमाशों और 7 हिस्ट्रीशीटरों को गिरफ्तार किया गया। 57 व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई तथा 32 हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को चेक कर पाबंद किया गया। पूर्व में एनडीपीएस एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में चालानशुदा 18 अपराधियों से पूछताछ कर सख्त चेतावनी दी गई।
एसपी ममता गुप्ता के नेतृत्व में हुई इस प्रभावी कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया है कि राजसमंद पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी मजबूती से कार्रवाई कर रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
#Rajsamand #RajasthanPolice #MamtaGuptaIPS #CrimeNews #RajasthanNews #UdaipurNews #MewarNews #AreaDomination #PoliceAction #LawAndOrder #NDPSCase #ExciseAct #BreakingNews
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
