राजस्थान CID की बड़ी कार्रवाई: ISI का फंडिंग एजेंट गिरफ्तार, जासूसी नेटवर्क का खुलासा
Udaipur Times, Rajasthan Police Action: 1 जुलाई 2026। राजस्थान पुलिस की CID (इंटेलिजेंस) शाखा ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए फंडिंग नेटवर्क संचालित करने वाले एक एजेंट को गिरफ्तार कर देश विरोधी गतिविधियों के एक महत्वपूर्ण नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। गिरफ्तार आरोपी जासूसी गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों तक ISI की ओर से धनराशि पहुंचाने का काम करता था। Rajasthan Police Action
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस इंटेलिजेंस, प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि CID (इंटेलिजेंस) राजस्थान द्वारा गत जनवरी माह में शासकीय गुप्त बात अधिनियम, 1923 के तहत दर्ज प्रकरण में जैसलमेर निवासी झबरा राम तथा असम के डिब्रूगढ़ एयरफोर्स स्टेशन पर MTS पद पर कार्यरत सुमित कुमार को भारतीय सेना से संबंधित गोपनीय सूचनाएं पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के हैंडलरों तक पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। Rajasthan News
मामले की गहन जांच के दौरान सामने आया कि दोनों आरोपियों को ISI की ओर से जासूसी के बदले धनराशि महाराष्ट्र के औरंगाबाद निवासी रफीक चांद शेख पुत्र चांद मियां शेख (41) निवासी हरसुल जिला औरंगाबाद (महाराष्ट्र) के माध्यम से भेजी गई थी। Rajasthan News
अनुसंधान को आगे बढ़ाते हुए CID (इंटेलिजेंस) ने रफीक चांद शेख से पूछताछ की, जिसमें खुलासा हुआ कि वह पिछले लगभग चार वर्षों से ISI के एक हैंडलर के संपर्क में था। सोशल मीडिया के माध्यम से जुड़े इस नेटवर्क के निर्देश पर उसने अपने नाम तथा अन्य व्यक्तियों के नाम से अलग-अलग बैंक खाते खुलवाकर जासूसी गतिविधियों में शामिल लोगों तक धनराशि पहुंचाई। Rajasthan Police Action
जांच में यह प्रमाणित होने पर कि रफीक चांद शेख पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के फंडिंग एजेंट के रूप में कार्य कर रहा था, CID (इंटेलिजेंस) राजस्थान ने बीते 30 जून को उसे गिरफ्तार कर लिया। Rajasthan News
CID (इंटेलिजेंस) के अनुसार प्रकरण में अनुसंधान जारी है तथा ISI के इस वित्तीय नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं लेन-देन की भी गहन जांच की जा रही है। राजस्थान पुलिस देश की सुरक्षा के विरुद्ध कार्य करने वाले तत्वों के खिलाफ सतत निगरानी रखते हुए ऐसी गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई जारी रखे हुए है। Rajasthan Police Action
