Rajsamand: बीमा राशि के लालच में की भाई की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

देवगढ़ थाना क्षेत्र में सगे भाइयों ने रची साजिश, पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

 | 

राजसमंद  1 अप्रैल 2026 -   जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र में 50 लाख रुपए की बीमा राशि हड़पने के लालच में सगे भाइयों द्वारा अपने ही भाई की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो सगे भाइयों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि 7 मार्च को रीको एरिया के पास कुंडेली रोड पर बड़ावास बग्गड़ निवासी देवीसिंह रावत का शव मिला था।

शुरुआत में इसे सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन जांच में यह सुनियोजित हत्या निकली। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने होली और जमीन रजिस्ट्री के बहाने देवीसिंह को गुजरात से गांव बुलाया। करमाल चौराहे पर उसे शराब पिलाई गई और उसका मोबाइल फ्लाइट मोड पर डाल दिया गया। इसके बाद कामलीघाट क्षेत्र में ले जाकर पत्थरों से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया और आरोपी फरार हो गए।

मामले में बड़ावास बग्गड़ निवासी दुधसिंह उर्फ दिनेशसिंह (27), उसका भाई भगवानसिंह (26), सुरेंद्रसिंह (29) निवासी गणेशपुरा रावली थाना टॉडगढ़ (जिला ब्यावर) और टीकमसिंह (30) निवासी जस्साखेड़ा भीम को हत्या और साक्ष्य मिटाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक देवीसिंह ने कुछ समय पहले करीब 50 लाख रुपए की दुर्घटना बीमा पॉलिसी करवाई थी। इसी राशि को हड़पने के लिए आरोपियों ने पहले से हत्या की साजिश रची थी। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

#RajsamandNews #Devgarh #RajasthanCrime #UdaipurNews #BreakingNewsRajasthan #InsuranceFraud #CrimeNewsIndia #PoliceInvestigation #FamilyCrime #HindiNews #LocalNewsRajasthan #TrueCrimeIndia

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal