क्रिकेट टीम बनी गैंग! राजसमंद में “लाला इलेवन” पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 | 

Udaipur Times, Rajsamand Crime: 23 मई 2026। ज़िले के खमनोर क्षेत्र में क्रिकेट टीम के रूप में शुरू हुई “लाला इलेवन गैंग” अब आपराधिक गतिविधियों तक पहुंच गई है। सोशल मीडिया पर अपराधी प्रवृत्ति को बढ़ावा देने वाले पोस्ट और गैंग संस्कृति फैलाने के खिलाफ राजसमंद पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है।

राजसमंद पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन तथा खमनोर थाना अधिकारी नारायण सिंह भाटी के नेतृत्व में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस सोशल मीडिया पर हथियार, गैंगस्टर स्टाइल और आपराधिक मानसिकता को बढ़ावा देने वाले पोस्ट चिन्हित कर युवकों को गिरफ्तार कर रही है और सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

खमनोर थाना पुलिस के अनुसार “लाला इलेवन गैंग” की शुरुआत एक क्रिकेट टीम के रूप में हुई थी, लेकिन धीरे-धीरे इससे जुड़े कुछ युवक आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने लगे। इसी दौरान चर्चित हिम्मत सिंह हत्याकांड में भी गैंग का नाम सामने आया, जिसमें मृतक हिम्मत सिंह को गैंग से जुड़ा बताया गया।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और युवाओं में बढ़ती गैंग संस्कृति पर रोक लगाने के लिए गैंग से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया पर अपराध को महिमामंडित करने वाले पोस्ट डालने वालों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर आपराधिक छवि बनाने या गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने से बचें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News