Rajsamand News: लाइक-शेयर और फॉलो के चक्कर मे सोशल मीडिया क्रिएटर भूले अपनी हदें?
Udaipur Times, Rajsamand News: सोशल मीडिया पर लाइक, शेयर और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ के बीच सोशल मीडिया क्रिएटर से जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति, जो खुद को जोधपुर के कुड़ी थाना क्षेत्र का निवासी बताता है और शराब कारोबार से जुड़ा होने की बात करता है, पुलिस को पैसे खिलाने और रिश्वत देने का कथित दावा करता नजर आ रहा है।
वीडियो में किए गए इस कथित दावे ने पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि वीडियो क्रिएटर के सहयोगी ने रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। ऐसे में सवाल यह है कि क्या व्यूज और वायरलिटी के लिए इतने गंभीर दावों की पड़ताल किए बिना उन्हें कंटेंट का हिस्सा बना दिया गया?
सोशल मीडिया की पहुंच बड़ी संख्या में लोगों तक है। ऐसे में शराब कारोबार से जुड़े व्यक्ति को कैमरे के सामने लाकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगवाना और फिर वीडियो को वायरल करना क्रिएटर की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े करता है।
अगर आरोप सही हैं तो संबंधित पुलिस और आबकारी अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच जरूरी है। वहीं आरोप गलत हैं तो बिना पुष्टि उन्हें प्रसारित करने की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए।
अब कंटेंट क्रिएशन की भूमिका पर है क्या हर सनसनीखेज बयान सिर्फ लाइक और व्यूज के लिए सोशल मीडिया पर डाल देना ही जिम्मेदार कंटेंट है? वायरल वीडियो की सत्यता और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
