भीम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 लाख की डकैती का पर्दाफाश 1300 किमी पीछा कर 7 आरोपी गिरफ्तार
300-400 CCTV फुटेज खंगाले
Udaipur Times News, Crime News Rajsamand, राजसमंद 30 सितंबर 2026 - भीम थाना पुलिस ने स्क्रैप खरीदने के बहाने ट्रक बुलाकर करीब 9 लाख रुपए की डकैती करने के मामले का खुलासा करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों का करीब 1300 किलोमीटर तक पीछा कर उन्हें पकड़ा।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने स्क्रैप खरीदने के बहाने ट्रक को भीम क्षेत्र के सुनसान इलाके में बुलाया। इसके बाद चालक को बंधक बनाकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर ट्रक से करीब 9 लाख रुपए नकद और मोबाइल फोन लूट लिए। मामले में भीम थाने में विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। Rajsamand Crime News
जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक, वृत्ताधिकारी भीम राकेश वर्मा के सुपरविजन तथा थानाधिकारी भीम दिलीप खदाव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। जांच में 300 से 400 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल डाटा और सूचना तंत्र के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। इसके बाद राजसमंद, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, ब्यावर, अजमेर, जयपुर, अलवर, दौसा, कोटपूतली-बहरोड़ और उदयपुर सहित कई स्थानों पर दबिश दी गई। तीन विशेष पुलिस टीमों की संयुक्त कार्रवाई में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त टाटा हैरियर वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। Crime News
वहीं लूटी गई करीब 9 लाख रुपए की राशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, राजकार्य में बाधा, चोरी और नकबजनी सहित कई गंभीर प्रकरण पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य लोगों और लूट की रकम के संबंध में जानकारी जुटा रही है।