राजसमंद : नकली नोट छापने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
80 हजार से अधिक की जाली करेंसी बरामद
राजसमंद 11 फरवरी 2026 - जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में राजसमंद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। केलवा थाना पुलिस ने त्वरित एवं सटीक कार्रवाई करते हुए नकली नोट छापने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500, 200 और 50 रुपये के कुल 80,100 रुपये के जाली नोट बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत केलवा थाना अधिकारी डॉ सुबोध जांगिड़ की नेतृत्व कार्रवाई की गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दबिश दी और मौके से प्रिंटर, स्याही, पेपर शीट सहित नकली नोट छापने के उपकरण जब्त किए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नारायण लाल गुर्जर (33 वर्ष) एवं कमलेश गुर्जर (23 वर्ष) निवासी आगल गांव, थाना आमेट के रूप में हुई है।
पुलिस की सतर्कता और प्रभावी मुखबिर तंत्र के कारण समय रहते इस अवैध गतिविधि का पर्दाफाश हो सका, जिससे बाजार में नकली नोटों की सप्लाई रुक गई।
जिला पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान से स्पष्ट है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
