राजसमंद की युवती की भीलवाड़ा में संदिग्ध मौत

दहेज प्रताड़ना के बाद जहर देकर हत्या का आरोप

 | 

भीलवाड़ा/राजसमंद 24 अप्रैल 2026। राजसमंद जिले की एक युवती की भीलवाड़ा ज़िले के काछोला थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोही (राजसमंद) निवासी कैलाश चन्द्र आचार्य ने पुलिस थाना काछोला में दी शिकायत में बताया कि उनकी पुत्री उमा उर्फ उर्मिला आचार्य का विवाह हिन्दू रीति-रिवाज से काछोला निवासी जानकी लाल आचार्य के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

परिजनों का आरोप है कि पति जानकी लाल, ससुर देवकिशन और सास नर्बदा लगातार 5 लाख रुपये लाने का दबाव बनाते थे। साथ ही पति द्वारा अन्य महिलाओं से संबंध होने की बात कहकर भी मृतका को धमकाया जाता था।

शिकायत के अनुसार 23 अप्रैल की सुबह करीब 4 बजे ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर उर्मिला की तबीयत खराब होने की सूचना दी गई। जब परिजन महात्मा गांधी अस्पताल, भीलवाड़ा पहुंचे तो उन्हें उसकी मृत्यु की जानकारी मिली।

परिजनों ने आरोप लगाया कि 22 अप्रैल को ही उर्मिला को जहर दिया गया था और हालत बिगड़ने के बावजूद समय पर बड़े अस्पताल नहीं ले जाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका का स्त्रीधन और जेवरात भी ससुराल पक्ष के पास होने की बात कही गई है। पीड़ित पिता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है।

काछोला थाना पुलिस के अनुसार शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

#BhilwaraNews #Rajsamand #RajasthanNews #DowryCase #WomenSafety #CrimeNews #IndiaNews #BreakingNews #UdaipurNews #RajasthanCrime #JusticeForWomen #DowryDeath #LocalNewsRajasthan

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal