राजसमंद एवं डूंगरपुर वन विभाग के दो रेंजर एवं एक वनपाल रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

उदयपुर ACB ने दो क्षेत्रीय वन अधिकारी (रेंजर) एवं एक वनपाल 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है 

 | 
ACB

उदयपुर -A.C.B. मुख्यालय के निर्देश पर ए.सी. बी. की राजसमंद की यूनिट द्वारा दिनांक 16 जुलाई को कार्यवाही करते हुये बलराम पाटीदार क्षेत्रीय वन अधिकारी (रेंजर) जिला राजसंमद, लोकेश क्षेत्रीय वन अधिकारी (रेंजर) डूंगरपुर एवं अशोक वनपाल कार्यालय क्षेत्रीय वन अधिकारी, डूंगरपुर को शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि ए.सी.बी. की राजसमंद इकाई को शिकायतकरता द्वारा शिकायत दी गई कि वन विभाग डूंगरपुर द्वारा पकड़ी गई लकड़ी की गाड़ी को छोड़ने एवं बिछीवाड़ा नाके पर बिना रोक-टोक आवागमन की एवज में मासिक बन्धी के रूप में आरोपी लोकेश रेंजर एवं अशोक वनपाल कार्यालय क्षेत्रीय वन अधिकारी, डूंगरपूर द्वारा 45 हजार रूपये रिश्वत राशि की मांग कर परेशान किया जा रहा है। आरोपी लोकेश द्वारा शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत राशि आरोपी बलराम पाटीदार क्षेत्रीय वन अधिकारी, जिला राजसमंद को देने हेतु कहा।

जिस पर एसीबी उदयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस राजेन्द्र प्रसाद गोयल के सुपरवीजन में एसीबी की राजसमंद यूनिट के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिम्मत सिंह चारण के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर आज पुलिस निरीक्षक मंशाराम द्वारा मय टीम के ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी बलराम पाटीदार क्षेत्रीय वन अधिकारी (रेंजर) जिला राजसंमद को परिवादी से 5 हजार रूपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। मामले में आरोपी लोकेश क्षेत्रीय वन अधिकारी (रेंजर) एवं अशोक वनपाल कार्यालय क्षेत्रीय वन अधिकारी को डूंगरपुर से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया है।

एसीबी जयपुर की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा ।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News