उदयपुर में पूर्व पार्षद के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज

नौकरी दिलाने के बहाने झांसा देने के आरोप 
 | 

उदयपुर 12 फ़रवरी 2026। शहर के हिरण मगरी थाने में भाजपा के पूर्व पार्षद और भाजपा नेता के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता की ओर से दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि नौकरी दिलाने का झांसा देकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता बुधवार शाम को थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया है। मामले की जांच डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ को सौंपी गई है, जो प्रकरण की जांच में जुटे हैं।

रिपोर्ट में पीड़िता ने बताया कि पार्षद ने राजनीतिक प्रभाव का हवाला देते हुए उसे रोजगार दिलाने का भरोसा दिया था। इसी बहाने वह उसे बार-बार अपने पास बुलाता रहा। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर धमकी भी दी।

कुछ महीनों तक नौकरी नहीं मिलने पर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का निर्णय लिया। एसपी योगेश गोयल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच डीएसपी को सौंपी है। पुलिस साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

इस संबंध में आरोपी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ बताया गया।