Udaipur Times, Crime News: उदयपुर शहर के गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र की गोकुलधाम कॉलोनी में हथियारों से लैस चार नकाबपोश बदमाशों के रेकी करने का मामला सामने आया है। बदमाशों की यह गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज सामने आने के बाद क्षेत्रवासियों में डर और असुरक्षा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर की सुबह करीब 3:30 बजे चार नकाबपोश बदमाश कॉलोनी में घूमते नजर आए। क्षेत्रवासियों उज्जवल मेहता और दिनेश चन्द्र जैन ने बताया कि कॉलोनी में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में बदमाशों की संदिग्ध गतिविधियों से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
क्षेत्रवासियों ने गोवर्धन विलास थानाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्रभावी गश्त नहीं होने से चोरी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है।
क्षेत्रवासियों ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।