गुलाब बाग में एक दर्जन से अधिक चंदन पेड़ चोरी
सूरजपोल थाना पुलिस में शिकायत दर्ज
| Aug 13, 2025, 16:24 IST
उदयपुर 13 अगस्त 2025 । शहर के ऑक्सीजन हब माने जाने वाले गुलाब बाग में बीती रात चंदन चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर एक दर्जन से अधिक चंदन के पेड़ काटकर ले गए। घटना का पता सुबह तब चला, जब मॉर्निंग वॉक पर पहुंचे लोगों ने कटे हुए पेड़ देखे।
मौके पर मौजूद लोगों ने गुलाब बाग में ड्यूटी पर तैनात गार्ड को चोरी की सूचना दी, जिसके बाद गार्ड ने सूरजपोल थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
गौरतलब है कि गुलाब बाग में बड़ी संख्या में चंदन के पेड़ हैं, जिन्हें चोर आए दिन रात के अंधेरे में निशाना बनाते हैं। पूर्व में भी यहां से कई चंदन के पेड़ चोरी हो चुके हैं। ऐसे में जरूरत है कि प्रशासन जल्द से जल्द गुलाब बाग में सीसीटीवी कैमरे लगवाए, ताकि चंदन चोरों पर लगाम लगाई जा सके और आमजन की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो।
