साविना फायरिंग: उदयपुर पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

दोनों आरोपियों  से पुलिस कर  रही कड़ी पूछताछ
 | 
“Udaipur Police Arrest Two Accused in Savina Police Station Firing Incident – Intensive Investigation Underway”

उदयपुर। सविना थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 14 सितंबर की रात की है, जब मोहम्मद अनीज रजा अपने पुराने घर विजय सिंह पथिक नगर देखने पहुंचे थे। वहां ताला टूटा हुआ मिला और आरोपियों से विवाद के दौरान उन पर गोली चला दी गई।

पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और नगर पूर्व डीएसपी छगन पुरोहित के सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी श्याम सिंह रत्नू और सविना थानाधिकारी अजयसिंह राव के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस ने तकनीकी साधनों और मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों आरोपियों फरदीन उर्फ गांजा और अरदीन उर्फ लाला को रेलवे स्टेशन के सामने नमन होटल से गिरफ्तार किया।

फरदीन हिस्ट्रीशीटर है, जबकि अरदीन आदतन अपराधी है। इनके खिलाफ पहले भी मारपीट, हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट और चोरी जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तारी के दौरान फरदीन ने हथियार बरामदगी के बहाने पुलिस को गुमराह कर भागने की कोशिश की, इस दौरान गिरने से उसके पैर में चोट आई। पुलिस ने उसका इलाज करवाकर दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ शुरू कर दी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News