डेथ क्लेम पास करने के नाम पर एक लाख की रिश्वत लेते वरिष्ठ सहायक गिरफ्तार
राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग के वरिष्ठ सहायक को रंगे हाथ पकड़ा
उदयपुर 12 मई 2026। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की इंटेलिजेंस यूनिट उदयपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग उदयपुर के वरिष्ठ सहायक शेखर मथुरिया को Death Claim पास करने की एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि ब्यूरो को शिकायत मिली थी कि परिवादी की भांजी, जो एक सरकारी शिक्षिका थी, की मृत्यु के बाद राज्य बीमा का डेथ क्लेम पास करने तथा अधिक राशि स्वीकृत करवाने के लिए आरोपी द्वारा 7 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी और परिवादी के बीच 1 लाख 50 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। मंगलवार को आरोपी ने पहली किश्त के रूप में एक लाख रुपये लेते ही एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में एसीबी इंटेलिजेंस यूनिट उदयपुर की प्रभारी डॉ. सोनू शेखावत और उनकी टीम द्वारा की गई। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमाला के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
#Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #RajasthanNews #ACB #AntiCorruption #BreakingNews #Corruption #CrimeNews #GovernmentNews #UdaipurUpdates #LatestNews #IndiaNews #RajasthanPolice #PublicAdministration
