घर में पति-पत्नी और बच्चे के शव मिलने से सनसनी

नोट में लिखा - परिवार को परेशान न किया जाए
 
 | 
rishabhdev family found dead

उदयपुर 20 नवंबर 2025। ज़िले के एक ग्रामीण क्षेत्र ऋषभदेव थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना घर के अंदर हुई, जहां पहले महिला का शव मिला और फिर उसी घर में उसके पति व बच्चे के शव भी मिले। पुलिस को मौके से एक नोट मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।

घर लौटे तो खुला दर्दनाक मामला

जानकारी के अनुसार, शाम करीब 7 बजे परिवार के बुजुर्ग सदस्य घर लौटे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। बाहर वाहन खड़ा था लेकिन कोई आवाज नहीं आ रही थी। लोगों को बुलाकर दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर महिला का शव फर्श पर पड़ा मिला। दूसरे कमरे में पति और बच्चे के शव फंदे से लटके मिले।

प्रारंभिक जांच में सामने आया घटनाक्रम

शुरुआती जांच में पता चला है कि पति जब काम से घर लौटा तो उसने पत्नी को कमरे में फंदे से लटका देखा। उसने शव को नीचे उतारकर फर्श पर रखा। इसके बाद वह बच्चे को दूसरे कमरे में ले गया और उसे भी फंदे पर लटका दिया। बच्चे की मौत के बाद वह खुद भी फंदे पर झूल गया।

नोट में लिखा-परिवार को परेशान न किया जाए

मौके से मिले नोट में पति ने लिखा कि परिवार का कोई दोष नहीं है और किसी भी रिश्तेदार को परेशान न किया जाए। पुलिस नोट की भाषा और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

दोनों पक्षों ने दी रिपोर्ट, जांच जारी

मृत महिला के पीहर पक्ष और ससुराल पक्ष दोनों ने थाना क्षेत्र में रिपोर्ट दी है। परिजनों ने मांग की है कि यह हत्या है या आत्महत्या ? इसकी विस्तृत जांच की जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

जांच अधिकारी के अनुसार, घटनास्थल, बयान और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटा रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News