शर्मनाक: खून के नाम पर 10 हज़ार की ठगी

MB अस्पताल में एक बदमाश ने मरीज़ के परिजनों को झांसे में लेकर की ठगी  
 | 

उदयपुर 26 फ़रवरी 2026। संभाग के सबसे बड़े अस्पताल महाराणा भूपाल चिकित्सालय (MB अस्पताल) में ब्लड दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। एक बदमाश ने मरीज के परिजनों को झांसे में लेकर 10 हजार रुपये हड़प लिए और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार खेरोदा क्षेत्र निवासी कृष्णा सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। परिजन उसे तुरंत MB अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया। इसी दौरान सुबह एक अज्ञात व्यक्ति कृष्णा के पिता कमलेश के पास पहुंचा और खुद को मददगार बताते हुए कहा कि मरीज को तुरंत ब्लड की आवश्यकता है।

आरोपी कमलेश को ब्लड बैंक ले गया और प्रक्रिया के नाम पर 10 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद उसने कमलेश से आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज लाने को कहा। जब कमलेश कागजात लेकर वापस ब्लड बैंक पहुंचे तो वह व्यक्ति वहां से गायब मिला। ब्लड बैंक स्टाफ से पूछताछ करने पर पता चला कि ऐसा कोई व्यक्ति वहां कार्यरत नहीं है।

ठगी का एहसास होने पर कमलेश ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अस्पताल परिसर और ब्लड बैंक के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

#Udaipur #MBHospital #RajasthanNews #CrimeNews #HospitalFraud #UdaipurNews #CrimeUpdate #CrimeReport #HealthcareSecurity #LocalNews