शोरूम पर लट्ठ से हमला, कांच फोड़े और तोड़फोड़
CCTV में कैद वारदात
उदयपुर 24 सितंबर 2025। शहर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात बदमाशों ने एक कपड़ों के शोरूम पर हमला कर दिया। दो बदमाशों ने लट्ठ मारकर शोरूम के कांच फोड़ दिए और अंदर घुसकर भी तोड़फोड़ की। घटना खांजीपीर स्थित जेड'ब्लैक नाम के शोरूम की है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी तोड़फोड़ करते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे की है जब दो युवक लट्ठ लेकर दुकान पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। उन्होंने पहले शोरूम के कांच के गेट को तोड़ा और फिर अंदर घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। उस समय दुकान में संचालक और कुछ ग्राहक मौजूद थे, जो अचानक हुए हमले से घबरा गए। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। घटना के बाद दोनों बदमाश आराम से वहां से निकल गए और जाते-जाते बाहर रखी कपड़ों की डमी भी गिरा दी।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले दोनों बदमाश शोरूम पर कपड़े लेने आए थे, जहां पैसों को लेकर उनका संचालक से विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने यह हमला किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
