272 प्लॉट घोटाले में 2 करोड़ की रिश्वत मामले मे SOG का रीडर जसवंत राव ACB के रडार पर

 | 
acb

 

Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर मे 272 प्लॉट घोटाले में राहत देने के बदले 2 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत के मामले में अब SOG के रीडर जसवंत राव की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है। 26 सितंबर के बाद से जसवंत राव के कार्यालय नहीं आने और मोबाइल फोन बंद होने की जानकारी सामने आई है। ACB उसकी तलाश में उदयपुर पुलिस की मदद ले रही है।

जानकारी के अनुसार ACB की टीम जसवंत राव के घर सहित संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि वह SOG के ASP मुकेश कुमार सोनी के कार्यालय में महत्वपूर्ण कागजी कार्रवाई संभालता था। 272 प्लॉट प्रकरण समेत अन्य मामलों में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।

इससे पहले ACB ने 26 सितंबर को SOG के ASP मुकेश कुमार सोनी के कथित दलाल सज्जन सिंह जैन उर्फ टाटला को 2 करोड़ रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। इसके बाद मुकेश कुमार सोनी की संदिग्ध भूमिका सामने आने पर उन्हें भी हिरासत में लिया गया और बाद में गिरफ्तार किया गया।

शिकायतकर्ता निरंजन मोगरा ने आरोप लगाया है कि गिरफ्तारी के दौरान उसके घर से सोने के दो कंगन, सोने की घड़ी, प्लॉट से जुड़े दस्तावेज और DVR लिए गए थे, लेकिन इन सामानों को आधिकारिक रिकॉर्ड में नहीं दिखाया गया।

मोगरा के अनुसार, जमानत के बाद जब उसने जब्त सामान रीडर जसवंत राव से मांगा तो कथित तौर पर उसे कहा गया कि “साहब से बात करो, वे ही देंगे।” इसके बाद शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि रिकॉर्ड में दर्ज नहीं की गई सामग्री जसवंत राव के पास हो सकती है।

ACB की जांच में अब रिश्वत प्रकरण के साथ इन आरोपों और रीडर की कथित भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही उसकी भूमिका और आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News