पैसों के विवाद में पिता की हत्या करने वाला पुत्र गिरफ्तार

घासा के विजनवास गांव की घटना 

 | 
Ghasa police station

उदयपुर 12 अगस्त 2025 । ज़िले के घासा थाना क्षेत्र के विजनवास गांव में अपने पिता की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।

घटना 10 अगस्त 2025 की रात हुई, जब 60 वर्षीय बाबूलाल भील और उसके पुत्र किशनलाल के बीच जमीन बेचने से खाते में आए पैसों को लेकर विवाद हो गया। बहस के दौरान किशनलाल ने कथित रूप से लकड़ी के डंडे से पिता पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाबूलाल का शव खाट पर पड़ा मिला, जबकि आंगन में जगह-जगह खून के धब्बे थे। शव को सीएचसी खेमली की मोर्चरी में रखवाया गया।

मृतक के भाई हिरालाल की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी किशनलाल को गांव से ही हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।