शर्मनाक - कलियुगी बेटे ने नशे में बाप की लाठी से पीट पीटकर की हत्या

जिले के गोगुन्दा क्षेत्र के मलरिया कलां गांव की घटना

 | 
murder

दोनों बाप बेटे आए दिन शराब के नशे में झगड़ते रहते थे

उदयपुर 8 जनवरी 2022 । जिले के गोगुन्दा क्षेत्र के मलरिया कलां गांव में एक कलियुगी बेटे ने शराब के नशे में बाप की लाठी से पीट पीटकर हत्या कर दी।  हत्या के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। जिसे पुलिस ने कुछ घंटे बाद ही गिरफ्तार कर लिया।

मृतक की पहचान 45 वर्षीय हमेरलाल निवासी मलरिया कलां गोगुन्दा के रूप में की गई है।  जबकि उसकी हत्या के आरोपी पुत्र 22 वर्षीय ताराशंकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।  पुलिस ने बताया कि दोनों बाप-बेटे शराब के आदि थे। आए दिन शराब के नशे में झगड़ते रहते थे। कल शुक्रवार रात को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। 

दरअसल गांव के लोगों को सुबह सूचना मिली की मुख्य चौराहे पर हैंडपंप के पास एक खून से सनी हुई लाश दिखी है। मौके पर भी काफी खून फैला हुआ था। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने मृतक के भाई कानाराम को सूचना दी। कानाराम ने मौके पर पहुंचकर सरपंच को मामले से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

गोगुंदा में हुई इस हत्या की जानकारी मिलते ही गोगुन्दा थाने के एएसआई हरिसिंह जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। मौका मुआयना कर शव को कब्जे में लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को गोगुन्दा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। साथ ही परिवार के लोगों ने मामला दर्ज करवाया है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News