उदयपुर में चचेरे भाई को वोट नहीं देने पर बेटे ने की मां की हत्या
पिता और बड़े भाई पर भी किया हमला
Udaipur Times, Crime News: उदयपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के महुवाड़ा गांव में सरपंच चुनाव में चचेरे भाई को वोट नहीं देने की बात पर बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए पिता और बड़े भाई पर भी रॉड से हमला कर दिया। घटना शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे की है।
थानाधिकारी सोहनलाल बामनिया ने बताया कि सरपंच चुनाव की मतगणना खत्म होने के बाद आरोपी राहुल परमार अपने पिता लालचंद से चचेरे भाई को वोट नहीं देने की बात पर विवाद करने लगा। इसी दौरान उसने रॉड से पिता पर हमला कर दिया।
शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची मां पुष्पा के सिर पर भी रॉड लग गई, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ीं। आरोपी ने बड़े भाई पर भी हमला किया और मौके से फरार हो गया।
घायल माता-पिता को बड़ा बेटा निजी वाहन से डूंगरपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने पुष्पा को मृत घोषित कर दिया। घायल पिता का उपचार जारी है।
पुलिस ने आरोपी राहुल को डिटेन कर लिया है। मारपीट के दौरान उसके सिर में भी चोट लगी है, जिसका उपचार कराया जा रहा है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।