UIT सर्कल के पास स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार

तीन युवतियों सहित संचालिका गिरफ्तार 
 | 

उदयपुर 16 फरवरी 2026। शहर में सहेली मार्ग स्थित यूआईटी सर्कल के पास स्पा सेंटर की आड़ में अवैध देह व्यापार संचालित करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर पर दबिश दी और तीन युवतियों सहित संचालिका को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि यहां एक्स्ट्रा सर्विस के नाम पर ग्राहकों से रुपये लेकर गलत काम कराया जा रहा था।

ST-SC सेल की DSP नीतू सिंह ने बताया कि अंबामाता थाना, बड़गांव थाना और DST की संयुक्त टीम ने शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की। सूचना मिली थी कि स्पा सेंटर की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेड की, जहां देह व्यापार का खुलासा हुआ। मौके से तीन युवतियों और एक संचालिका को गिरफ्तार किया गया। पकड़ी गई युवतियां भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ सहित अन्य जिलों की निवासी बताई जा रही हैं।

यह कार्रवाई एडिशनल SP माधुरी वर्मा के निर्देशन और निगरानी में की गई। मामले की जांच भी माधुरी वर्मा द्वारा की जा रही है। पुलिस स्पा संचालन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

गौरतलब है कि पर्यटन नगरी उदयपुर में खासकर टूरिस्ट प्वाइंट्स के आसपास बड़ी संख्या में स्पा सेंटर संचालित हैं। सहेलियों की बाड़ी क्षेत्र भी प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां आसपास कई स्पा सेंटर खुले हुए हैं। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।