geetanjali-udaipurtimes

मोबाइल पर बात करने से टोका तो दी जान

बड़गांव थाना क्षेत्र की घटना 
 | 

उदयपुर 26 नवंबर 2025। शहर के बड़गांव थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की ने मोबाइल पर बातचीत कम करने से नाराज होकर अपनी जान दे दी। परिजन उसे अचेत अवस्था में एमबी हॉस्पिटल लेकर गए, जहां दो दिन तक इलाज चलने के बावजूद होश नहीं आया और सोमवार रात करीब 2 बजे उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार बड़गांव के वेलागढ़ निवासी 15 वर्षीय लक्ष्मी गमेती 23 नवंबर की रात घर पर थी। उसके माता-पिता बाहर आंगन में खाना खा रहे थे, जबकि लक्ष्मी कमरे में मोबाइल पर बातचीत कर रही थी। इसी दौरान माता-पिता ने उसे मोबाइल पर कम बात करने के लिए टोका। इस बात से नाराज होकर लक्ष्मी गुस्से में कमरे के अंदर चली गई और दरवाजा बंद कर लिया।

कुछ देर बाद माता-पिता कमरे में पहुंचे और दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर पिता ने रोशनदान से झांका तो लक्ष्मी फांसी लगाने की तैयारी कर रही थी। उन्होंने बेटी को रोकने और समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद पिता ने खिड़की तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, तब तक लक्ष्मी फांसी का फंदा लगा चुकी थी।

घरवालों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर बनी रहने के कारण दो दिनों तक आईसीयू में इलाज चला लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।