आवारा कुत्ते के हमले से ग्रामीणों में भय का माहौल

कुत्ते ने अचानक लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया और देखते ही देखते करीब आधा दर्जन लोगों को घायल कर दिया
 
 | 

उदयपुर 5 मई 2026 । पंचायत समिति क्षेत्र के ओबरा कला गांव में एक आवारा कुत्ते के हमले से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया है। कुत्ते ने अचानक लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया और देखते ही देखते करीब आधा दर्जन लोगों को घायल कर दिया। घटना के बाद ग्रामीण अपने घरों में रहने को मजबूर हो गए हैं। 

मिली जानकारी के अनुसार कुत्ते ने गांव की मीना, प्रशांत, ममता और पुष्पेंद्र सिंह को काट लिया, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए गोगुंदा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इसके अलावा डालचंद लोहार की बकरी को भी घायल कर दिया।

घटना के दौरान एक स्कूली बच्चे पर भी कुत्ते ने हमला करने का प्रयास किया, लेकिन बच्चे ने अपने स्कूल बैग से खुद का बचाव कर लिया। हालांकि इस दौरान उसका बैग पूरी तरह फट गया, लेकिन वह सुरक्षित बच निकला।

घटना के बाद ग्रामीणों ने कुत्ते को पकड़ने के लिए मोर्चा संभाल लिया। ओबरा खुर्द सहित आसपास के करीब 30 से 40 लोगों ने टीम बनाकर कुत्ते को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन कुत्ता पकड़ में नहीं आया और भाग गया। ग्रामीणों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

इसी बीच गोगुंदा बस स्टैंड स्थित स्कूल के बाहर भी एक अन्य घटना सामने आई, जहां स्कूल जाते समय नैतिक प्रजापत को कुत्ते ने काट लिया। जिसके बाद उसे तुरंत गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया।

लगातार बढ़ रहे आवारा कुत्तों के हमलों से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आवारा कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

#Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #RajasthanNews #Gogunda #DogAttack #StrayDogs #LocalNews #BreakingNews #RuralIndia #PublicSafety #UdaipurRural

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News