फलासिया के निजी क्लीनिक में व्यक्ति की संदिग्ध मौत

ग्रामीणों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की

 | 
Falasiya

उदयपुर 21 अगस्त 2025। ज़िले के फलासिया कस्बे में गुरुवार को एक निजी क्लिनिक में इलाज कराने पहुंचे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान अर्जुनलाल गरासिया (44) निवासी आमड़ा गांव के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दांतों के इलाज के दौरान डॉक्टर द्वारा लगाए गए इंजेक्शन के कारण उसकी जान गई।

जानकारी के अनुसार, अर्जुनलाल सुबह दांत दर्द की शिकायत लेकर पत्नी के साथ फलासिया के एक निजी क्लिनिक पहुंचा था। परिजनों का कहना है कि डॉक्टर ने उसे इंजेक्शन लगाया जिसके बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद क्लिनिक संचालक डॉक्टर राजन उपाध्याय घबराकर थाने पहुंचे और पुलिस को बताया कि उन्होंने मरीज को कोई इंजेक्शन नहीं दिया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चिकित्सा विभाग को भी इसकी सूचना दी गई है।

इधर, बड़ी संख्या में ग्रामीण क्लिनिक के बाहर इकट्ठा हो गए और डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की। आमड़ा सरपंच तुलसीराम गरासिया ने आरोप लगाया कि थाने की दूरी कम होने के बावजूद सूचना देने पर पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची।

पूर्व बाप पार्टी प्रत्याशी दिनेश पांडोर ने बताया कि अर्जुनलाल पत्नी के साथ इलाज कराने आया था और उसे दो इंजेक्शन लगाए गए, जिसके तुरंत बाद उसकी मौत हो गई। मामले की जानकारी डिप्टी को दी गई है।

फिलहाल फलासिया बीसीएमओ डॉ. मुकेश गरासिया और फलासिया चिकित्साधिकारी डॉ. कपिल शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं।