geetanjali-udaipurtimes

राजसमंद पीतमपुरा में महिला की संदिग्ध मौत का मामला गरमाया

ग्रामीणों ने देवगढ़ थाने पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई
 | 

राजसमन्द 18 नवंबर 2025। ज़िले के देवगढ़ थाना क्षेत्र की दौलपुरा ग्राम पंचायत के पीतमपुरा गांव में 15 दिन पूर्व खेत में संदिग्ध परिस्थिति में मिली 65 वर्षीय मांगी बाई पत्नी गणेश रैगर की मौत का मामला आज फिर गर्मा गया। ग्रामीणों की बड़ी संख्या देवगढ़ थाने पहुंची और पुलिस अधिकारियों से त्वरित कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि मांगी बाई का शव उसके ही खेत में संदिग्ध हालात में मिला था, जिसके बाद पुलिस ने प्रारंभिक जांच करते हुए एफएसएल टीम को बुलवाकर आवश्यक सैंपल लिए थे। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम भी करवाया जा चुका है, लेकिन निष्कर्ष आने तक ग्रामीणों में असंतोष देखा गया।

इसी को लेकर आज सैकड़ों ग्रामीण देवगढ़ थाने पहुंचे, जहां उन्होंने डीएसपी राकेश कुमार वर्मा और थानाधिकारी सीआई संगीता बंजारा से मुलाकात की। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जा रही है और जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।

इधर, उदयपुर से पहुंची डॉग स्क्वॉड टीम ने भी मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया और आवश्यक सैंपल एवं संकेत जुटाए। पुलिस का कहना है कि तकनीकी और वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगामी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

थाने पहुंचे ग्रामीणों में शंकर गुर्जर, पारस गुर्जर, पूर्व सरपंच जगन्नाथ मेवाड़ा, पारसनाथ, सुआलाल रैगर, रामलाल रैगर, दीपा रैगर, श्यामनाथ, लादू यति सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आश्वासन मिलने के बाद सभी शांतिपूर्वक वापस लौट गए।