चौखला बाजार में मामूली बात चाकूबाजी की घटना

वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद

 | 

उदयपुर 25 अप्रैल 2026। शहर के धानमंडी थाना क्षेत्र में मामूली बात पर एक ज्वेलर के साथ चाकूबाजी का मामला सामने आया है। घटना 24 अप्रैल शाम करीब 4:50 बजे चौखला बाजार स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स के बाहर हुई। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार दुकानदार धर्मेश सोनी दुकान के बाहर पानी से हाथ धो रहे थे। तभी लाल रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक बाइक पर वहां से निकला। पानी के छींटे पड़ने पर वह युवक गुस्से में वापस लौटा और ज्वेलर से बहस करने लगा।

कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और आरोपी दुकान तक पहुंच गया। उसने दुकानदार के साथ मारपीट की, थप्पड़ मारे और गर्दन पकड़कर सड़क पर घसीटा। इसी दौरान आरोपी ने जेब से चाकू निकालकर ज्वेलर के बाएं पैर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।

घटना के बाद आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ को देखकर आरोपी ज्वेलर को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।

घायल दुकानदार को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।