उदयपुर में पर्यटक की कार से लाइसेंसी पिस्टल और 20 कारतूस चोरी करने वाला टैक्सी चालक गिरफ्तार
Udaipur Times, Crime News: उदयपुर के सूरजपोल थाना पुलिस ने पर्यटक की कार से लाइसेंसी पिस्टल, दो मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पेशे से टैक्सी चालक है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया हथियार और कारतूस बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपी को बलीचा क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत निवासी ओमप्रकाश चौधरी पुत्र भीमसिंह चौधरी उदयपुर घूमने आए थे। वह भटियानी चौहट्टा स्थित होटल मनोर में ठहरे हुए थे। इसी दौरान होटल की पार्किंग में खड़ी उनकी कार के डैशबोर्ड में रखी लाइसेंसी पिस्टल, दो मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस चोरी हो गए। इस संबंध में 13 नवंबर 2026 को सूरजपोल थाने में मामला दर्ज कराया गया था।
होटल में गाड़ी साइड में लगाने के बहाने ली चाबी
जांच में सामने आया कि आरोपी ने होटल की पार्किंग में खड़ी पर्यटक की कार को साइड में लगाने के बहाने उसकी चाबी ली थी। इसके बाद डैशबोर्ड में रखी पिस्टल, मैगजीन और कारतूस चोरी कर फरार हो गया।
100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही गाइड, होटल कर्मचारियों और टैक्सी चालकों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 17 नवंबर को बलीचा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी जयप्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
सूरत से पर्यटकों को लेकर आया था उदयपुर
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह टैक्सी चालक है और 12 नवंबर को गुजरात के सूरत से पर्यटकों को लेकर उदयपुर आया था। इसी दौरान होटल मनोर की पार्किंग में उसने गाड़ी साइड में लगाने के बहाने पर्यटक से चाबी ली और कार के डैशबोर्ड से पिस्टल, दो मैगजीन और 20 कारतूस चोरी कर लिए। इसके बाद वह उदयपुर से फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जयप्रताप सिंह पुत्र मनोज सिंह, निवासी धनपुर, थाना फतनपुर, जिला प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने चोरी के मामले के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की है।