छात्रा के साथ अभद्र आचरण करने पर शिक्षक APO

58 वर्षीय थर्ड ग्रेड शिक्षक के खिलाफ 11वीं कक्षा की छात्रा से अनुचित व्यवहार की शिकायत दर्ज कराई गई 

 | 

उदयपुर 17 मार्च 2026। शहर के एक थाना क्षेत्र स्थित सरकारी स्कूल में एक शिक्षक के खिलाफ छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह शेखावत के अनुसार आरोपी 58 वर्षीय थर्ड ग्रेड शिक्षक है। उसके खिलाफ 11वीं कक्षा की छात्रा से अनुचित व्यवहार की शिकायत दर्ज कराई गई है। पीड़िता के पिता ने थाने में मामला दर्ज कराया है।

शिकायत में बताया गया कि शिक्षक स्कूल में छात्रा के साथ मर्यादा के विपरीत व्यवहार करता था और उससे आपत्तिजनक बातें करता था। यह घटना कई बार होने से छात्रा असहज और परेशान हो गई थी। बाद में छात्रा ने परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस और स्कूल प्रिंसिपल से शिकायत की।

सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।

इधर, शिकायत के बाद आरोपी शिक्षक को APO करते हुए CBEO कार्यालय भेज दिया गया है। प्रिंसिपल ने बताया कि 9 फरवरी से उनकी ड्यूटी ज्वाइंट डायरेक्टर कार्यालय में थी और उन्हें इस घटना की जानकारी स्कूल के सेकंड इंचार्ज से मिली। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी को APO कर दिया गया है।