सायरा में नॉनवेज दुकान मालिक की हत्या के बाद तनाव
मृतक के परिजनों ने मोर्चरी के बाहर किया हंगामा, पोस्टमार्टम से किया इनकार, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
उदयपुर 7 अगस्त 2025। ज़िले के सायरा थाना क्षेत्र में नॉनवेज दुकान मालिक की हत्या के बाद तनाव का माहौल बन गया। मृतक नानूराम खटीक के परिजनों और समाज के लोगों ने एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाहर जमकर हंगामा किया। गुस्साए परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और पहले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे की है। सायरा थानाधिकारी किशोर सिंह के अनुसार चार युवक नॉनवेज लेने दुकान पर आए थे। उनके पास पैसे कम थे, जिस पर दुकानदार ने सामान देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और आरोपियों ने 60 वर्षीय दुकानदार नानूराम खटीक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में नानूराम गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके हाथ-पैरों पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घायल अवस्था में नानूराम को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बेटे विनोद खटीक ने बताया कि नॉनवेज की दुकान उनके घर के बाहर ही है। आरोपियों ने पहले ही पूरे परिवार को कमरे में बंद कर दिया और फिर पिता पर हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही समाजजन व परिजन बड़ी संख्या में एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी पर पहुंच गए। उन्होंने हंगामा करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

थानाधिकारी किशोर सिंह ने बताया कि शव को एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। परिजनों से रिपोर्ट लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
