अरिहंत विहार में चोरों का आतंक
रात में घर में घुसकर बाइक चोरी
उदयपुर 26 मई 2025। प्रतापनगर थाना क्षेत्र के अरिहंत विहार कॉलोनी में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामले में बदमाशों ने एक घर में घुसकर बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों की यह हरकत घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें तीन युवक रात करीब तीन बजे चोरी करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पीड़ित मोहित शर्मा पुत्र ईश्वर शर्मा ने प्रतापनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि चोरों ने पहले मेन गेट का ताला तोड़ा, फिर आंगन में खड़ी बाइक का हैंडल लॉक तोड़कर बाइक को चुरा लिया।
मोहित शर्मा ने बताया कि इससे पहले भी 9 मई की रात चोर उनके घर में घुसने की कोशिश कर चुके थे, लेकिन जागने के कारण वे भाग निकले थे। इसके बाद उन्होंने घर पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए, बावजूद इसके चोर फिर से लौट आए और चोरी कर फरार हो गए।
अरिहंत विहार में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। 17 मई को शांतीलाल शर्मा के घर से भी बाइक चोरी हो चुकी है, जबकि जनवरी में इसी कॉलोनी से तीन लाख रुपए की नकदी की चोरी हुई थी।
स्थानीय लोगों में बढ़ते अपराध को लेकर दहशत का माहौल है। कॉलोनी वासियों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
