वीजा समाप्त होने के बावजूद उदयपुर में रह रही थाईलैंड की महिला डिटेन

 | 
Thailand Woman Detained

 

Udaipur Times, Thai Woman Detained:  अवैध रूप से भारत में रह रहे विदेशियों पर पुलिस की पैनी नजर है। सीआईडी विशेष शाखा (वीजा) जोन उदयपुर ने अवैध रूप से भारत में निवास कर रही थाईलैंड की एक महिला को डिटेन किया है। महिला की वीजा अवधि जुलाई 2025 में ही समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद वह भारत में रह रही थी। सीआईडी की टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए महिला को उदयपुर के गीतांजलि हॉस्पिटल से डिटेन किया।

महिला के विरुद्ध इमिग्रेशन एवं फॉरेनर्स एक्ट, 2025 के तहत निष्कासन की कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं विदेशी पंजीयन अधिकारी, सीआईडी विशेष शाखा (वीजा) जोन उदयपुर डॉ. विक्रम सिंह के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।

गोपनीय सूचना पर पहुंची टीम

सीआईडी विशेष शाखा को 23 अक्टूबर को गोपनीय सूचना मिली थी कि उदयपुर के गीतांजलि हॉस्पिटल में उपचाररत थाईलैंड की नागरिक मिस बेंजामास सुक्सोमपोंग की 22 अक्टूबर को मृत्यु हो गई है। मृतका की वीजा अवधि भी समाप्त हो चुकी थी और वह निर्धारित अवधि से अधिक समय तक भारत में रह रही थी।

सूचना में यह भी सामने आया कि मृतका से मिलने के लिए उसकी एक महिला मित्र अहमदाबाद से गीतांजलि हॉस्पिटल पहुंची है, जो स्वयं भी वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद भारत में अवैध रूप से निवास कर रही है। इस पर सीआईडी विशेष शाखा की टीम ने गीतांजलि हॉस्पिटल पहुंचकर जांच की। इस दौरान थाईलैंड की नागरिक मिस सोमपोर्न लेंगथाइसोंग (43 वर्ष) मिली।

पूछताछ एवं दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि महिला की वीजा अवधि जुलाई 2025 में ही समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद वह भारत में रह रही थी। इस पर टीम ने महिला को डिटेन कर लिया।

महिला मित्र के निधन पर अहमदाबाद से आई थी उदयपुर

जांच में सामने आया कि डिटेन की गई थाईलैंड की महिला अपनी महिला मित्र के निधन की सूचना पर 23 अक्टूबर को ही अहमदाबाद से उदयपुर पहुंची थी। वह गीतांजलि हॉस्पिटल में अपनी मृतक मित्र से संबंधित कार्य के लिए आई थी। इसी दौरान सीआईडी टीम ने उसे डिटेन कर लिया। उधर, मृतक थाईलैंड की महिला के भाई एवं उसकी पुत्री भी थाईलैंड से उदयपुर पहुंचे। मृतका का अंतिम संस्कार उदयपुर के अशोक नगर श्मशान घाट पर किया गया।

नारी निकेतन में रखा, निष्कासन की कार्रवाई जारी

सीआईडी विशेष शाखा की ओर से डिटेन की गई थाईलैंड की नागरिक मिस सोमपोर्न लेंगथाइसोंग को फिलहाल उदयपुर के नारी निकेतन में रखा गया है। उसके विरुद्ध इमिग्रेशन एवं फॉरेनर्स एक्ट, 2025 के तहत भारत से निष्कासन की कार्रवाई की जा रही है।

होटल, रिसॉर्ट और विला संचालकों को नियमों की पालना के निर्देश

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं विदेशी पंजीयन अधिकारी डॉ. विक्रम सिंह ने सभी होटल, विला एवं रिसॉर्ट संचालकों को विदेशी नागरिकों के ठहराव के संबंध में निर्धारित नियमों की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी नागरिकों के ठहरने के संबंध में इमिग्रेशन एवं फॉरेनर्स एक्ट, 2025 के प्रावधानों के अनुरूप ही होटल एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों का संचालन किया जाए।

कार्रवाई में इनकी रही भूमिका

कार्रवाई में सीआईडी विशेष शाखा (वीजा) जोन उदयपुर की पुलिस निरीक्षक एवं एफआरओ प्रभारी अनिता शर्मा, पुलिस निरीक्षक एवं सीआईयू प्रभारी अरविंद कुमार सालवी, उप निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, नरेश चौबीसा तथा यमनेश कुमार शामिल रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News